भाजपा को यौन उत्पीड़न के आरोपों पर अकबर के स्पष्टीकरण का इंतज़ार : सूत्र 

नई दिल्ली, 11 अक्तूबर (भाषा) : भाजपा को उम्मीद है कि उसके नेता और केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर अपने खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर पार्टी द्वारा कोई कदम उठाए जाने से पहले शीर्ष नेतृत्व के सामने अपना स्पष्टीकरण देंगे। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी है ।  पार्टी के एक नेता ने कहा कि विदेश राज्य मंत्री के खिलाफ लगे आरोप गंभीर हैं, लेकिन इसके कई पहलू हैं। यह भी कि उनके खिलाफ कोई भी कानूनी मामला नहीं है। कई विपक्षी दलों ने अकबर के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस ने कहा है कि उन्हें संतोषजनक जवाब देना चाहिए या इस्तीफा देना चाहिए। ‘‘मी टू अभियान’’ के जोर पकड़ने पर कुछ महिला पत्रकार भी सामने आयीं और उन्होंने विदेश राज्यमंत्री एम जे अकबर पर अखबार में उनके संपादक रहने के दौरान यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने अकबर के खिलाफ आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर  कहा, ‘‘बेहतर होगा कि संबंधित सज्जन इस मुद्दे पर बोलें।’’