प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतकार अन्नपूर्णा देवी का निधन  

मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) भारत रत्न से सम्मानित दिवंगत सितारवादक पंडित रविशंकर की पूर्व पत्नी एवं हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की दिग्गज संगीतकार अन्नपूर्णा देवी का शनिवार तड़के मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया।  वह 91 वर्ष की थीं। मुंबई स्थित अन्नपूर्णा देवी फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।  अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तड़के तीन बजकर 51 मिनट पर मृत घोषित किया गया।  उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि उनका जन्म मध्य प्रदेश के मैहर शहर में उस्ताद ‘बाबा’ अलाउद्दीन खान और मदीना बेगम के घर में हुआ था। प्यार से लोग उन्हें ‘मां’ बुलाते थे। वह चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटी थीं। प्रवक्ता ने बताया कि महान सरोद वादक उस्ताद अली अकबर खान उनके भाई थे।   अन्नपूर्णा देवी अपने पिता की शिष्या थीं। पांच साल की छोटी उम्र से ही उन्होंने संगीत की शिक्षा आरंभ की और और वह सितार से लेकर सुरबहार तक में पारंगत हो गईं।  अपने जीवन का ज्यादातर हिस्सा उन्होंने एकांतवास में बिताया। उन्होंने अपना ज्यादातर समय चुनिंदा छात्रों के समूह को प्रशिक्षित करने में व्यतीत किया। उन्होंने सितारवादकपंडित रविशंकर से शादी की थी और उनका एक बेटा शुभेन्द्र ‘शुभो’ शंकर था, जिनका 1992 में निधन हो गया था। उन्होंने 1982 में एक प्रबंधन सलाहकार रूशि कुमार पांड्या से शादी की थी। पांड्या का 2013 में निधन हो गया।