ओडिशा में भूस्खलन में 12 मरे, घटनास्थल पर पहुंचा राहत दल

भुवनेश्वर, 13 अक्तूबर (वार्ता) : ओडिशा के गजपति जिले के बारघरा गांव में भूस्खलन से 12 लोगों की मौत और तीन के घायल हो जाने की घटना के मद्देनज़र राज्य सरकार ने डॉक्टरों की एक टीम आज वहां भेजी है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि गजपति जिले के रायगडा विकासखंड के गंगावाडा पंचायत के तहत बारघरा गांव में शुक्रवार को भूस्खलन की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गए। मुख्य सचिव ए.पी. पाधी ने संवाददाताओं को बताया कि घटनास्थल पर भेजी गयी टीम में गजपति जिले के पुलिस अधीक्षक, उप कलेक्टर, डॉक्टर और अन्य अधिकारी शामिल हैं। यह टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गई। पाधी ने बताया कि भूस्खलन वाले क्षेत्र गजपति जिले में आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलनम जिले की सीमा की ओर रायगाड़ा ब्लॉक में स्थित है और यह दुर्गम स्थान है। टीम को घटनास्थल पर पहुंचने के लिए पेड़ों को काटकर 17 किलोमीटर से ज्यादा सफर तय करना पड़ा।  मुख्य सचिव ने बताया टीम के रिपोर्ट सौंपने के बाद ही हताहतों के बारे में सही जानकारी मिल पायेगी। इस बीच, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गजपति, गंजम और रायगढ़ जिलों में बाढ़ की स्थिति को जानने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया और भूस्खलन में मारे गये लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त कि.या। श्री पटनायक ने कहा सरकार इस हृदय विदारक हादसे की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पैकेज की घोषणा करेंगे।  मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 11 अक्तूबर की सुबह ओडिशा के तट पर चक्रवाती तूफान तितली के पहुंचने से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन की चपेट में आने से पांच बच्चों सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी और चार लोग अभी भी लापता हैं।