स्विस बैंकों में जमा धन में  हुई वृद्धि 


विदेशियों के द्वारा काला व सफेद धन जमा करने के लिए प्रसिद्ध स्विस बैंकों में वर्ष 2017 में विश्व के तमाम देशों का जमा धन तीन प्रतिशत की गति से बढ़ गया। प्रकाशित रिपोर्टों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि अब स्विस बैंकों में कुल 1.46 लाख करोड़ फ्रेंक जो लगभग 100 लाख करोड़ रुपये के बराबर है, जमा हो गया है। 
विकसित देशों के 87,600 करोड़ स्विस फ्रेंक जमा है जो गत जमा का 1० प्रतिशत की वृद्धि के बाद हुआ है जबकि विकासशील देशों के द्वारा जमा धन में बहुत मामूली वृद्धि हुई है तथा अब यह आंकड़ा 20,900 करोड स्विस फ्रेंक हो गया है। ऑफशोर फाइनेंशियल सेंटर का कुल 37,800 करोड़ स्विस फ्रेंक जमा है। इस धन में तीन प्रतिशत की गिरावट हुई है।
जमा करने वाले देशों में प्रथम स्थान पर ब्रिटेन का 40,300 करोड़ स्विस फ्रेंक जमा हैं। द्वितीय स्थान पर अमरीका का 16,600 करोड़ स्विस फ्रेंक जमा हैं। स्विस बैंकों के कुल विदेशी फंड में अमरीका की हिस्सेदारी कुल 11 प्रतिशत के लगभग है। स्विस बैंकों में जमा धन रखने वाले प्रथम 10 देश हैं- ब्रिटेन, अमरीका, वेस्ट इंडीज, फ्रांस, हांगकांग, बहामा, जर्मनी, गुअनैर्स, लक्जमबर्ग तथा केमन दीप हैं।
भारत का जमा धन 101 करोड़ स्विस फ्रेंक है जिसमें 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कुल स्विस बैंकों में जमा धन में भारत का हिस्सा मात्र 0.07 प्रतिशत है। स्विस बैंकों में जमा में भारत का विश्व में स्थान 73वां है जबकि पाकिस्तान का 72वां स्थान है तथा उसके 112 करोड़ स्विस फ्रैंक जमा है। चीन का 20 वां स्थान है व जमा धन 16,000 करोड़ स्विस फ्रेंक, रुस का 23 वां स्थान व जमा धन 13,500 करोड़ स्विस फ्रेंक, ब्राज़ील 61 वें स्थान पर व जमा धन 190 करोड़ स्विस फ्रेंक, द. अफ्रीका का 67 वां स्थान व जमा धन 150 करोड़ स्विस फ्रेंक है। रुस, ब्राजील, द. अफ्रीका का जमा धन वर्ष 2017 में ही जमा हुआ है जबकि वर्ष 2017 में भारत के धन में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भारत का स्थान 2008 में 55 वां, 2012 में 71वां, 2016 में 88वां, तथा 2017 में 73वां है। भारत ने अपना स्थान 15 पायदान कम किया है। विश्व के धनपति कुबेर अपना काला व सफेद दोनों ही प्रकार का धन स्विस बैंकों में जमा रखते हैं। स्विस की अर्थव्यवस्था के लिए यही धन मुख्य हिस्सा है। भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली के अनुसार 2017 में स्विस बैंकों में भारतीयों ने लगभग सात हजार करोड़ रुपये स्विस बैंकों में जमा किया।  (अदिति)