अमरीका में अवैध रूप से घुसने वालों को गिरफ्तार कर वापिस भेजा जाएगा

वॉशिंगटन, 17 अक्तूबर (भाषा) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवासियों के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अमेरिका में अवैध रूप से घुसने वालों को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया जाएगा और फिर वापस उन्हें उनके देश भेज दिया जाएगा। ट्रंप की ओर से यह धमकी मध्य अमेरिकी देशों- होंडुरास, ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर को दी गई है। ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि यदि इन देशों ने अपने यहां से अमेरिका आ रहे प्रवासी समूह को नहीं रोका तो अमेरिका से मिलने वाली विदेशी सहायता बंद कर दी जाएगी। राष्ट्रपति की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय दी गई है जब खबरें आ रही हैं कि होंडुरास से करीब 1600 लोगों के एक समूह ने अमेरिका की ओर कूच किया है। करीब 1600 लोगों के इस समूह का गठन शनिवार को होंडुरास के सेन पेड्रो सूला शहर में हुआ था। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘जो कोई भी अमेरिका में अवैध तरीके से दाखिल होगा, उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा, हिरासत में लिया जायेगा और फिर उसे उसके देश वापस भेज दिया जाएगा।’ उन्होंने कहा कि अमरीकी सरकार ने तीन देशों- होंडुरास, ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर को बता दिया है कि यदि उन्होंने अपने नागरिकों को अमरीका में घुसने की अनुमति दी तो सारी मदद रोक दी जाएगी।