मानवेन्द्र सिंह व विधायक आशीष देशमुख कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली, 17 अक्तूबर (एजैंसी/ उपमा डागा पारथ) : राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बुधवार को बड़ा झटका लगा जब पार्टी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र मानवेन्द्र सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके साथ ही महाराष्ट्र के भाजपा विधायक आशीष देशमुख ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर मानवेन्द्र तथा देशमुख को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस महा सचिव अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, पार्टी के राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे तथा कई अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा। बाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री गहलोत तथा सुरजेवाला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री गांधी ने उम्मीद जतायी है कि पूर्व सांसद तथा राजस्थान विधानसभा के सदस्य मानवेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को फायदा होगा। मानवेन्द्र ने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनके साथी स्वाभिमानी हैं और वे कांग्रेस को मज़बूत बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस के लिए उपयोगी साबित होंगे। कांग्रेस नेताओं ने संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र के विधायक देशमुख भी कांग्रेम में शामिल हुए हैं और उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। श्री देशमुख कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रणजीत देशमुख के पुत्र हैं। श्री गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तानाशाही चल रही है इसलिए भाजपा नेता कांग्रेस की तरफ आ रहे हैं। श्री पायलट ने कहा कि राजस्थान में जिस तरह से भाजपा के बड़े नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, वह राज्य की मुख्यमंत्री के तानाशाही रवैये और भाजपा की जमीनी हालात की तस्वीर पेश करता है।