कैप्टन ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात : पराली जलाने की रोकथाम के लिए मांगा मुआवज़ा

नई दिल्ली 18 अक्तूबर (वार्ता) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से धान की पराली नहीं जलाने के एवज़ में किसानों को 100 रुपए प्रति क्विंटल का मुआवज़ा देने की मांग की। प्रधानमंत्री आवास पर हुई मुलाकात में कैप्टन सिंह ने श्री मोदी से कैश क्रेडिट लिमिट (सी.सी.एल.) के 31 हज़ार करोड़ रुपए के अंतर के निपटारे और गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व की तैयारियों में द़खल देने का आग्रह किया। कैप्टन सिंह  ने पराली जलाने की समस्या की रोकथाम के लिए किसानों को फ़सल पर 100 रुपए प्रति क्विंटल मुआवज़ा देने के लिए ज़ोर डाला। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के कदमों के बावजूद पराली जलाने की समस्या और भी गंभीर रूप ले सकती है। इसलिए इसे तत्काल हल करने की ज़रूरत है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ में अधिकारियों की नियुक्ति संबंधी 60:40 के अनुपात के साथ छेड़छाड़ नहीं करने बारे केंद्र सरकार के फ़ैसले के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद भी किया।  पंजाब सरकार के एक प्रवक्ता ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने श्री मोदी से अपील की कि साझी ज़िम्मेदारी के सिद्धांत पर सी.सी.एल. के 31,000 करोड़ रुपए के अंतर के निपटारे के लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय को गौर करने के लिए कहा जाये। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व  की उचित तैयारियों के लिए अपेक्षित सहायता मुहैया कराने के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और राष्ट्रीय कार्य समिति को निर्देश जारी किया जाए।