2050 तक दुनिया की आबादी में 220 करोड़ का होगा इजाफा : संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र 18 अक्तूबर (वार्ता) : संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक अब से लेकर वर्ष 2050 तक दुनिया की आबादी में 220 करोड़ का इजाफा होगा और कुल आबादी 980 करोड़ हो जायेगी।  संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि यदि आबादी इसी तरह से बढ़ती रही तो उप-सहारा अफ्रीकी क्षेत्र की आबादी में ही 130 करोड़ का इजाफा हो जायेगा। अफ्रीका महाद्वीप का यह क्षेत्र ऐसा है जहां महिलाओं को स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित सीमित अवसर ही उपलब्ध हैं। यहां महिलाओं को लैंगिक असमानता की समस्या से भी जूझना होता है।  संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की निदेशक मोनिका फेरो ने कहा कि लोग वैश्विक स्तर पर छोटे परिवार की परिकल्पना की ओर ही बढ़ रहे हैं। लोग अब यह विचार करने लगे हैं कि वे कितने बच्चों को बेहतर सुविधाएं दे सकते हैं और इसे ध्यान में रखकर ही वे परिवार को बढ़ाते हैं।