शाही जोड़े हैरी और मेगन ने नंगे पांव बोन्डी तट की सैर की  

सिडनी, 19 अक्तूबर (एजेंसी): ऑस्ट्रेलिया के अपने हालिया दौरे पर पहुंचा ब्रिटिश शाही जोड़ा प्रिंस हैरी और मेगन मर्कल शुक्रवार को यहां सिडनी के प्रसिद्ध बोन्डी समुद्र तट के किनारे नंगे पैर घूमता नजर आया।  गर्भवती मेगन ने गर्मी की एक पोशाक पहनी हुई थी और उन्होंने ऊंची हील के अपने जूतों को किनारे रख दिया वहीं आम तौर पर सूट में नज़र आने वाले हैरी ने चीनोज पहन कर बोन्डी तट पर लहरों का लुत्फ लिया। सुबह के कोहरे के बावजूद शाही जोड़े ने स्थानीय सैलानियों से मुलाकात की और रेत में बैठकर वनवेव समूह के सदस्यों के साथ लंबी बातचीत की। यह समूह लोगों को बाहर घूमने निकलने के लिए प्रेरित कर मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। हैरी और मेगन के 16 दिन के प्रशांत दौरे की शुरुआत से ही हर जगह गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है।