पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का आज नैनीताल में होगा अंतिम संस्कार

नैनीताल, 21 अक्तूबर - उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का अंतिम संस्कार आज नैनीताल में हल्द्वानी स्थित रानीबाग के चित्रशिला घाट में किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम संस्कार की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राजकीय सम्मान के साथ दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। नैनीताल के जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को काठगोदाम के अतिथि गृह में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। बता दें तबीयत खराब होने के बाद एनडी तिवारी लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने 93 साल की उम्र में दम तोड़ दिया। गुरुवार 18 अक्टूबर को उनका जन्मदिन भी था।