अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का विरोध करने पर  युवक ने की साथी की हत्या

लुधियाना, 21 अक्तूबर (भूपिंद्र बैंस): थाना सदर के घेरे अधीन पड़ते गांव ठक्करवाल में अप्राकृतिक यौन संबंधी बनाने का विरोध करने पर युवक द्वारा अपने साथी की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। जानकारी देते हुए ए.डी.सी.पी. श्री सुरिंद्र लांबा ने बताया कि मृतक युवक की पहचान महंत कुमार (18) के रूप में की गई है। वह मूल रूप में बिहार का रहने वाला था और गांव ठक्करवाल में एक ठेकेदार के पास मजदूरी का काम करता था। वहीं ठेकेदार के पास परमजीत सिंह (22) काम करता था। गत दिनों परमजीत सिंह द्वारा महंत कुमार के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की कोशिश की गई थी। पर महंत ने इसका विरोध किया। महंत ठक्करवाल के एक जिम्मीदार की मोटर के कमरे में रहता था। शुक्रवार को उक्त दोषी परमजीत सिंह पुन:महंत के कमरे में आया और उसने महंत के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की कोशिश की। पर उसने पुन: इसका विरोध किया और वहां से भागने की भी कोशिश की पर परमजीत सिंह ने उसको काबू कर लिया। मंहत द्वारा वहां शोर मचाना शुरू कर दिया गया। परमजीत ने अपने आप को उक्त कृत्य में असफल होता देख मंहत का गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार महंत कुमार दोपहर का खाना-खाने के बाद जल्द वापिस आने के बारे अपने साथी शिंद्रपाल को कहकर गया था। पर जब वह काम से वापिस न आया तो शिंद्र ने उसको फोन किया पर महंत ने उसका फोन नहीं उठाया। जिस पर शिंद्र ने इसकी सूचना जिम्मीदार हरदयाल सिंह को दी। 
हरदयाल सिंह जब देर शाम महंत के कमरे में गया तो उसकी लाश उसने वहां पड़ी देखी। जिस पर हरदयाल सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई तो परमजीत का नाम सामने आया। जिस पर पुलिस ने परमजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने यह सारा खुलासा किया। जांच अधिकारी लांबा ने बताया कि परमजीत सिंह को साल 2015 में संगरूर पुलिस ने नाबालिग के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के मामले में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था और यह उक्त मामले मे सजा भुगत रहा है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह पहले ही परमजीत 42 दिन की छुट्टी पर आया था और इस दौरान वह ठक्करवाल में ठेकेदार के पास मजदूरी करने लग पड़ा। पुलिस द्वारा उससे और भी पूछताछ की जा रही है। कई अन्य खुलासे होने की संभावना है। पुलिस द्वारा परमजीत सिंह के खिलाफ धारा 302 तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने महंत कुमार की लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है।