अमृतसर रेल हादसे के मृतकों की आत्मिक शांति हेतु करेंगे शांति यज्ञ : देव

मथुरा, 22 अक्तबर (वार्ता): गोवर्धन पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य अधोक्षजानंद देव तीर्थ महाराज ने कहा है कि अमृतसर में रेल हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति हेतु 31 अक्तूबर को गोवर्धन में शांति यज्ञ किया जाएगा।  पीठाधीश्वर ने सोमवार को यहां पत्रकारों को बताया कि शांति यज्ञ में  भाग लेने हेतु राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रेल मंत्री पीयूष गोयल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को आमंत्रित किया गया है।  उन्होने बताया कि राष्ट्रपति को भेजे पत्र में कहा है कि यह यज्ञ जोदा फाटक (अमृतसर) में हुई अकाल मौतों की आत्मा की शांति हेतु 31 अक्तूबर को गोवर्धन में उनके आश्रम में आयोजित किया जा रहा है। पत्र में लिखा है कि  जिस परिवार से एक भी मौत हुई है उसकी भरपाई किसी रूप से नही की जा सकती। उनके इस यज्ञ में भाग लेने से उन परिवारों को यह भरोसा हो जाएगा कि भले ही उनके परिवार से मुखिया का साया उठ गया हो लेकिन उनके हितचिंतक स्वयं  राट्रपति हैं।