भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में जापान को 9-0 से हराया

मस्कट, 22 अक्तूबर (वार्ता): गत चैंपियन भारतीय सीनियर पुरूष हॉकी टीम ने यहां चल रहे एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जापान को एकतरफा मैच में 9-0 से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। सुल्तान कबूस स्पोट्र्स कॉम्पलैक्स में हुए मैच में भारतीय टीम के 6 खिलाड़ियों ने गोल किए। स्ट्राइकर ललित उपाध्याय और मनदीप सिंह ने 2-2 गोल किए जबकि ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। उपाध्याय ने भारत के लिये चौथे मिनट में गोल किया और इसके बाद 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा जबकि हरमनप्रीत ने 17वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल किया तथा 21वें मिनट में एक और गोल दागा। जापान की टीम का डिफेंस भारत के सामने पूरी तरह विफल रहा और मनदीप सिंह ने आखिरी क्वार्टर के 49वें और 57वें मिनट में गोल किए। जापान के गोलकीपर ताकाशी योशिकावा 8वें मिनट में हरमनप्रीत कौर के पेनल्टी कार्नर को रोकने के चक्कर में चोटिल हो गए जिसके बाद रिजर्व जापानी खिलाड़ी युसुके ताकानो कीपिंग के लिए उतरे। हालांकि उन्हें भी भारतीय खिलाड़ियों ने परेशान किया।