कांस्य पदक से चूके पहलवान सुमित

बुडापेस्ट, 22 अक्तूबर (वार्ता): राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान सुमित सीनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के 125 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में कांस्य पदक से चूक गए। सुमित को 125 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक के मुकाबले में अमरीका के निकोलस एडवर्ड से 2-7 से हार का सामना करना पड़ा। विश्व चैम्पियनशिप में राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता बजरंग पुनिया ने 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच कर इस प्रतियोगिता के इतिहास में भारत का 8वां पदक सुनिश्चित कर दिया है। बजरंग का फाइनल में जापान के ताकुतो ओतोगुरो से मुकाबला होना है। बजरंग यदि जीत हासिल करते हैं तो विश्व चैंपियनशिप में यह भारत का दूसरा स्वर्ण होगा। भारत हेतु विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र स्वर्ण पदक दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने 2010 में मास्को में जीता था। बजरंग का विश्व चैम्पियनशिप में दूसरा पदक तय हो चुका है। बजरंग ने 2013 में बुडापेस्ट में ही कांस्य पदक जीता था।