लुधियाना पुलिस की बड़ी सफलतार् मुंबई के इरानी गिरोह का सरगना काबू


लुधियाना, 23 अक्तूबर (भूपिंद्र बैंस): लुधियाना पुलिस ने मुंबई के खतरनाक इरानी गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। काबू किया कथित दोषी  देश के 7 राज्यों की पुलिस को संगीन मामलों में वांछित था। इस संबंधी जानकारी देते हुए ए.डी.सी.पी. गुरप्रीत सिंह सिंकद ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए दोषी की पहचान लालू खानी इरानी उर्फ बलडोजर उर्फ सियाज पुत्र हन्नी इरानी निवासी पटेल नगर मुंबई के रूप में कई गई है। उन्होंने बताया कि उक्त दोषी और उसके साथी पिछले कुछ दिनों से लुधियाना शहर में सरगर्म थे और पुलिस मुलाजिम बनकर हौजरी व्यापारियों को लूटने की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि काबू किया दोषी लालू खानी इरानी मुंबई के खतरनाक लुटेरा गिरोह  इरानी का सरगना है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के 100 के करीब सदस्य है और देश के सात राज्यों महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में दर्जनों लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके है। विभिन्न शहरों की अदालतों द्वारा उक्त दोषी और उसके साथियों को 52 मामलों में भगौड़ा करार दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदातें करने के लिए ये पहले दिल्ली से मुंबई आते थे और यहां से मोटरसाइकिल चोरी करते थे।  आजकल उक्त गिरोह पंजाब और हरियाणा में सरगर्म था। उक्त लुटेरे व्यापारियों को अपना निशाना बनाते थे और पुलिस मुलाजिम बनकर तलाशी लेने के समय उसको लूटकर फरार हो जाते थे। स. सिंकद ने बताया कि काबू किए दोषी से पूछ पड़ताल से यह तथ्य सामने आया है कि लुधियाना में वारदात करने के बाद ये आलमगीर स्थित एक ढाबे पर चले गए थे और यहां थोड़ी देर रुकने के बाद लालू खानी मुंबई चला गया। पुलिस उक्त दोषियों का एक महीने से पीछा कर रही थी। पुलिस इनका पीछा करती हुई, मुंबई पहुंची और यहां से पुलिस द्वारा उसको गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा इस गिरोह के बाकी साथियों की भी तलाश की जा रही है। इस मौके ए.सी.पी. वरियाम सिंह, एस.एच.ओ. कोतवाली अमनदीप सिंह बराड़ भी उपस्थित थे।