कर्ज़ से परेशान दो किसानों द्वारा आत्महत्या

 फरीदकोट/फिरोज़पुर, 30 अक्तूबर (जसवंत सिंह पुरबा, कुलबीर सिंह सोढ़ी) : गांव भागथला खुर्द के एक 40 वर्षीय किसान ने फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। जानकारी के अनुसार त्रिलोचन सिंह पुत्र अजीत सिंह उर्फ जीत सिंह निवासी भागथला खुर्द के पास सात कनाल ज़मीन थी, जिससे वह अपना गुज़ारा करता था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार किसान पर दो लाख रुपए का कज़र्ा था जो वह लौटा नही पा रहा था। इस कर्जे को लेकर वह पिछले कई महीनों से मानसिक तौर पर परेशान था।  इस परेशानी के चलते उसने फंदा लगा कर अपनी जिंदगी समाप्त कर ली। पुलिस ने धारा 174 की कार्यवाही कर मृतक किसान का पोस्टमार्टम करवाने उपरांत लाश परिजनों को सौंप दी। त्रिलोचन सिंह की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी। वहीं दूसरी ओर ज़िला फिरोज़पुर के शहर हल्के के थाना सदर में पड़ते गांव खाई फेमे की में पड़ती बस्ती कीमे वाली के पास के रहने वाले 42 वर्षीय नौजवान किसान ने ज़मीनी कर्जे से परेशान हो सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। प्राप्त जानकारी अनुसार नौजवान सरवन सिंह पुत्र निशान सिंह जो किसानी के साथ-साथ दूध का काम करता था, लेकिन गत समय से कारोबार व ज़मीन की आमदन में कम मुनाफा होने से कर्जे का भार ज्यादा होने लगा था, जिससे वह मानसिक तौर पर परेशान रहता था। मृतक सरवन सिंह के सिर पर करीब 23 लाख किसानी कर्जा था। मृतक सरवन सिंह के जीजा बख्शीश सिंह व चाचा सुरजन सिंह ने जानकरी दी कि सरवन सिंह एक मेहनती इंसान व नशे की दलदल से दूर था। लेकिन सरवन सिंह अपने पिता निशान सिंह की मृत्यु 2 माह पहले होने से ज्यादा परेशान था। मृतक अपने पीछे पत्नी , 16 वर्षीय लड़का व 14 वर्षीय लड़की छोड़ गया है। पुलिस ने परिजनों व गांव वासियों के बयानों पर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।