आज के दिन को भारत के इतिहास में याद किया जाएगा - पीएम मोदी 

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का अनावरण किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि आज पूरा देश सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मना रहा है। नर्मदा के तट पर आज हम सभी खुश हैं। देशभर में कई लोग 'एकता के लिए दौड़' (रन फॉर यूनिटी) में भाग ले रहे हैं। आज का यह दिन भारत के इतिहास के महत्वपूर्ण दिनों में से एक है। भारत के सम्मान के लिए समर्पित एक विराट व्यक्तित्व का उचित स्थान देने का और अपने इतिहास को उजागर करने का काम भारत के वर्तमान ने किया है। उन्होंने कहा कि आज के दिन को भारत के इतिहास में याद किया जाएगा। इस दिन को कोई भी भारतीय कभी नहीं भूल पाएगा।