उपराष्ट्रपति ने फ्रांस में भारत निर्मित युद्ध स्मारक का किया उद्घाटन

पेरिस, 11 नवंबर - 20वीं सदी की सबसे बड़ी घटनाओं में शुमार प्रथम विश्‍व युद्ध के खत्‍म होने के आज 100 साल पूरे हो रहे हैं। 1914 में शुरू हुआ प्रथम विश्‍व युद्ध 11 नवंबर, 1918 को समाप्‍त हुआ था। अंग्रेजी राज के दौर में भारतीय ब्रिटिश सैनिकों ने उस युद्ध में अप्रतिम साहस का परिचय देते हुए दुनिया के कई मुल्‍कों में अपनी सेवाएं दी थीं। इस कारण फ्रांस, ब्रिटेन समेत कई देशों ने अपना आभार प्रकट करते हुए उनकी याद में कई युद्ध स्‍मारक बनाए हैं। इस कड़ी में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शनिवार को प्रथम विश्वयुद्ध में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले हजारों भारतीय सैनिकों की याद में उत्तरी फ्रांस में भारत द्वारा निर्मित पहले युद्ध स्मारक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विलर्स गुसलेन में भारतीय युद्ध स्मारक के उद्घाटन के मौके पर फ्रांसीसी सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों और बच्चों के साथ भी बातचीत की।