शिरोमणि कमेटी के सामान्य अधिवेशन से पहले सुखबीर ने सदस्यों के साथ की बैठक

अमृतसर, 12 नवंबर (राजेश कुमार) : शिरोमणि कमेटी के द्वारा मंगलवार को होने जा रहे जनरल इजलास की तैयारियों मुकम्मल हो चुकी है। इसी के मद्देनज़र चुनाव से पहले अकाली दल के प्रधान व पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आज यहां शिरोमणि कमेटी के मैंबरों और अधिकारियों के साथ बैठक की। वहीं इस बैठक में शिरोमणि कमेटी के मैंबरों ने प्रधान चुनने के सभी अधिकार सुखबीर सिंह बादल को सौंप दिए हैं।  स्थानीय तेजा सिंह समुद्री हाल में बाद दोपहर चुनाव से पहले सुखबीर सिंह बादल मैंबरों के साथ बैठक करने पहुंचे। इस बैठक में मैंबरों ने गहन विचार विमर्श के बाद प्रधान के चुनाव संबंधित अधिकार सुखबीर सिंह बादल को सौंप दिये हैं। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनको समूह मैंबरों द्वारा जो अधिकार सौंपे गए हैं उसके लिए वे उनका पूरा सम्मान करते हैं। इस बैठक के अंत में भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल द्वारा स. बादल को सम्मानित भी किया गया।  इससे पहले स. सुखबीर सिंह बादल ने श्री हरिमंदिर साहिब नतमस्तक होकर गुरू चरणों में अरदास भी की। इस मौके पर पूर्व प्रधान प्रो. किरपाल सिंह बंडूगर, पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा, स्त्री अकाली दल की प्रधान बीबी जगीर कौर, जत्थेदार अवतार सिंह, बलविंदर सिंह भूंदड़, पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह, रजिंदर सिंह मेहता आदि उपस्थित थे।