ट्रम्प ने दीपावली मनाई, ट्वीट में हिंदुओं को भूले

वॉशिंगटन, 14 नवम्बर (भाषा) : अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाऊस में दिवाली समारोह मनाया, हालांकि ट्विटर पर अपने दिवाली संदेश में वह ‘हिंदुओं’ का जिक्र करना भूल गए। हालांकि इस भूल की ओर लोगों के इशारा करने के बाद भी उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में इसे नहीं जोड़ा। ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ऐतिहासिक रूजवेल्ट रूम में दिवाली आयोजन की मेजबानी की। इस आयोजन में कई प्रमुख भारतीय मूल के अमरीकियों, भारतवंशी प्रशासकों और राजनयिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। दिवाली का त्योहार दुनिया भर में 7 नवंबर को मनाया गया। अपने पहले ट्वीट में ट्रंप हिंदुओं को बधाई देना भूल गये। हिंदुओं के लिये दिवाली सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। ट्रंप ने व्हाइट हाऊस में दिवाली आयोजन के यूट्यूब लिंक के साथ ट्वीट किया, ‘आज हम लोग दिवाली मनाने के लिए जमा हुए हैं। इस त्यौहार को अमेरिका और दुनियाभर में बौद्ध, सिख और जैन धर्म के लोग मनाते हैं। अपने परिवार और दोस्तों के साथ लाखों लोग दिया जलाकर नये साल की शुरुआत के लिये जमा हुए हैं।’ बहरहाल सतर्क लोगों ने तुरंत यह गलती पहचान ली कि ट्रंप ‘हिंदुओं’ को बधाई देना भूल गए हैं।