अमरीका में सैकड़ों भारतीय-अमरीकियों ने मनाया छठ पर्व  

वाशिंगटन, 15 नवंबर (भाषा) : अत्यंत ठंडे मौसम का सामना करते हुए सैंकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने बुधवार को यहां छठ पूजा मनाई। इनमें खास कर वे लोग शामिल थे जिनकी जड़ें बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हैं। राजधानी वाशिंगटन डीसी के मेरीलैंड उपनगर में ऐतिहासिक पोटोमेक नदी किनारे छठ पूजा मनाई गई जहां करीब 400 लोग इकठ्ठा हुए जबकि बड़ी तादाद में लोग न्यू जर्सी के मोनरो टाउनशिप थॉम्पसन पार्क के एक झील किनारे भी एकत्र हुए। दोनों स्थानों पर मनोरम दृश्य देखने को मिला जहां दर्शक समारोह स्थल की तुलना भारत की छठ पूजा की अपनी यादों से करते नजर आए। छठ भगवान सूर्य की उपासना का पर्व है और मुख्यत: बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग यह पूजा करते हैं। अमेरिका में भारत के उप राजदूत संतोष झा भी बुधवार को छठ पूजा में शामिल हुए। कुछ सालों में यह एक सामुदायिक पर्व के तौर पर उभरा है। न्यूयॉर्क के उप महावाणिज्य दूत शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, इसने मुझे पटना में छठ पूजा में शामिल होने की याद दिला दी।