बेरोज़गारी के सताए सेवादार लगने को भी तैयार

फाजिल्का, 15 नवम्बर (प्रदीप कुमार) : पंजाब एवं हरियाणा की जवानी बेरोज़गारी से इस कदर सताए हुए है कि वह कोई भी काम मिले, उसे करने के लिए तैयार खड़ी है। तथ्य बताते हैं कि सैंकडों पदों के लिए हज़ारों नहीं, लाखों उम्मीदवार कतार में हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार हरियाणा सर्विस सिलैक्शन कमिशन ने पिछले दिनों 18216 दर्जा चार पदों जिनमें माली, चौकीदार, सेवादार व बेलदार शामिल हैं, इनकी भर्ती के लिए इश्तिहार जारी किया था। इस भर्ती के लिए हरियाणा सरकार को 18 लाख से भी अधिक निवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। गत 11 व 12 नवम्बर को 11 ज़िलों के लिए लिखित परीक्षा हुई थी। जिसमें 9 लाख विद्यार्थी बैठे हैं। 17 और 18 को अभी 9 लाख विद्यार्थियों ने और परीक्षा देनी है। इनमें दो लाख पोस्ट ग्रेजएटस, 10 लाख गेजूएटस, 6 लाख अन्य डिग्रीधारक बेरोज़गार शामिल हैं। हालांकि दर्जा चार की पोस्ट के लिए कम से कम शिक्षण योग्यता 10वीं पास है। अब पंजाब का हाल देख लेते हैं। यहां 267 जेल वार्डनों की भर्ती की जानी है। इसलिए सरकार को 57 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस पोस्ट के लिए शैक्षिण योज्यता 12वीं है। मगर आवेदनकर्ताओं में 22 हजार पोस्ट ग्रेजूएटस, 20 हजार गे्रजूएटस, 17 हजार अन्य डिग्रीधारक हैं। इस पोस्ट का दर्जा कांस्टेबल जैसा है। मगर पीएचडी, एमफिल, एमए. बी.एड, बी.टैक, एम.टैक, एम.एस.सी., बी.ए. बी.एड बेरोजगार कतार में लगे हुए हैं। यह भर्ती मुकम्मल होगी या नहीं, इस बारे में कहना मुश्किल है। मगर लंबी कतारें खतरे की घंटी हैं।