मोदी, योगी के रहते भगवान राम टेंट में रहें, हिन्दुओं के लिए दुर्भाग्य है - बीजेपी नेता

लखनऊ, 18 नवंबर - अपने बेबाक बयानों से सुर्खियों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी जी जैसा महान पीएम हो वो भी हिंदुत्ववादी और योगी जी जैसा महान हिंदुत्वादी नेता सीएम हो, तब भी भगवान राम टेंट में रहें, इससे बड़ा दुर्भाग्य भारत और हिन्दू समाज के लिए नहीं होने वाला। ऐसी परिस्थितियों बनाई जानी चाहिए कि राम मंदिर अयोध्या में बने। राम मंदिर बनाने के मामले में सुरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि नया विधेयक लाकर मंदिर का निर्माण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि संविधान से बड़ा भगवान होता है। विधायक होते हुए भी हम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि भगवान संविधान से अलग चीज है। आस्था की चीज है। उस पे तनिक भी विलंब नहीं होना चाहिए। भगवान राम का मंदिर बनना ही चाहिए।