विश्व का प्रथम अंडरग्राऊंड होटल चीन में

बीजिंग, 19 नवम्बर (अ.स.): विश्व का सबसे पहला अंडरग्राऊंड होटल शंघाई में खुल गया है। यह होटल अपनी बनावट के साथ अपने विराट रूप के लिए भी चर्चा में है। मध्य चीन के शेशान पर्वत शृंखला की एक 90 मीटर बड़ी चट्टान के भीतर ये पांच सितारा होटल बनाया गया है। इसका नाम इंटरकॉन्टिनेंटल शंघाई वंडरलैंड है। 1 दिसम्बर से इस होटल के शुरू होने की उम्मीद है। इस लग्ज़री होटल के दो फ्लोर ग्राऊंड से ऊपर है और 16 फ्लोर ग्राऊंड के नीचे हैं जिसमें से दो फ्लोर पानी के नीचे हैं। 49,409 वर्ग मीटर में फैले इस होटल में पर्यटकों के लिए 383 कमरे हैं। इस होटल के दो फ्लोर 10 मीटर गहरे एक मछलीघर (एक्वैरियम) से घिरे हुए भी हैं। इस होटल का मुख्य आकर्षण ग्लास वॉटरफॉल है। इस होटल के निर्माण की लागत करीब 20 अरब रुपए आई है। होटल के बीचोबीच झरना बनाया गया है, जोकि पर्यटकों के अनुभव को और शानदार बनाएगा। इसके अलावा प्रकृति के सौंदर्य के साथ बंजी जम्पिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों का भी पर्यटक आनंद उठा सकते हैं। एक रात रुकने का खर्च 35 हज़ार रुपए : इस पांच सितारा के लिए बुकिंग अगले हफ्ते से शुरू हो जाएगी। एक रात रुकने का शुरुआती किराया करीब 35 हज़ार रुपए है। इसे पूरी तरह इको फ्रैंडली बनाया गया है ताकि पर्यावरण को किसी तरह का नुक्सान न पहुंचे। इस होटल का निर्माण इंग्लैंड की फर्म एटकिंस ने किया है। एटकिंस दुबई में बुर्ज अल अरब का भी निर्माण कर चुकी है।