पुष्कर सरोवर में संतों का शाही स्नान आज

अजमेर 21 नवम्बर (वार्ता) : राजस्थान के अजमेर में अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले के पंचतीर्थ धार्मिक स्नान के तहत चौथे दिन गुरुवार को पवित्र कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की बैकुंठ चतुर्दशी ब्रह्म चौदस पर संतों का शाही स्नान होगा। पवित्र पुष्कर सरोवर में साधु संत, महात्माओं  द्वारा ब्रह्म मुहूर्त में शाही स्नान किया जाएगा। शाही स्नान में सेन  भक्तिपीठ के संस्थापक सेनाचार्य स्वामी अचलानंदाचार्य महाराज एवं राम रमैया आश्रम के महंत प्रेमदास महाराज शाही स्नान की अगुवाई करेंगे। शाही स्नान के  लिए जुलूस सेन भक्तिपीठ से प्रारंभ होकर सरोवर के मुख्य ब्रह्म घाट पहुंचेगा और पूजा अर्चना के साथ सभी साधु संत स्नान करेंगे। मान्यता है कि इन दिनों भगवान पुष्कर सरोवर में विद्यमान रहते हैं। पंचतीर्थ स्नान के तीसरे दिन आज तीर्थनगरी पुष्कर में श्रद्धालुओं  का सैलाब उमड़ पड़ा। मेलार्थियों ने सरोवर स्नान के साथ जगतपिता ब्रह्मा  जी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट दिनभर खुले रखे गए। उधर मेला मैदान पर देशी विदेशी महिलाओं की मटका दौड़ एवं म्यूजिकल चेयर रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किये गये।