श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव संबंधी सभी तैयारियां मुकम्मल

सुल्तानपुर लोधी, 21 नवम्बर (शर्मा) : जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 549वां प्रकाश उत्सव शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मनाने हेतु तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। यह जानकारी आज ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में समागम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने दी है। उन्होंने कहा कि सभी समारोहों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं हर्षोउल्लास के साथ किया जा रहा है तथा ये पावन पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस शुभ मौके पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह विशेष रुप से शामिल होंगे तथा संगत को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि भाई मरदाना जी दीवान हाल में तीन स्टेज लगेंगी। जिनमें एक स्टेज पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब सुशोभित होंगे। दूसरी पर धार्मिक शख्सियतों के लिए तथा तीसरी अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों के लिए आरक्षित होगी। 23 नवम्बर को भाई मरदाना जी दीवान हाल से ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब व ननकाना साहिब की छवि वाले सिक्के जारी किए जाएंगे। समागमों के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आज से 23 नवम्बर तक प्रकाश उत्सव के संबंध में आयोजित होने वाले समागमों का शुभारम्भ शाम को साढ़े सात से दस बजे तक लहू किसदा जित सच पलै होई गुरुमत विचार धार्मिक नाटक के मंचन के साथ होगा। तदोपरांत श्री अखंड पाठ साहिब के पाठ का शुभारम्भ रात को दो बजे होगा। 22 नवम्बर को प्रात साढ़े नौ बजे पावन नगरी में नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जो गुरुद्वारा श्री संत घाट साहिब से आरम्भ हो कर तथा विभिन्न बाजारों से होते हुए गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि भाई मरदाना जी दीवान हाल में रात को सात बजे से कवि दरबार आयोजित किया जाएगा। 23 नवम्बर को दोपहर 12 से दो बजे तक विशेष समारोह का आयोजन होगा तथा उसके पश्चात रात आठ से दस बजे तक राग दरबार आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंथ प्रसिद्ध जत्थे भाग लेकर संगत को गुरुबाणी के साथ जोड़ेंगे। रात को लगभग एक बज कर तीस मिनट पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे तथा आलौकिक पुष्पवर्षा का मनोहर दृश्य देखने योग्य होगा। गुरुपूर्व के समागमों का डी.डी. पंजाबी तथा पी.टी.सी चैनलों पर सीधा प्रसारण प्रस्तुत किया जाएगा। उधर प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा बेर साहिब को बहुत ही भव्य तरीके से सजाया गया है। विभिन्न रंगों की झंडियां लगा कर गुरुद्वारा साहिब को अत्यंत मनमोहक छवि प्रदान की गई है। गुरुद्वारा साहिब का प्रवेश द्वार बहुत सुंदर परिधानों से सजाया गया है। गुरुद्वारा साहिब के समक्ष सुंदर खिलौनों की दुकानों का बाजार सजाया गया है। विभिन्न प्रकार की रौशनियों से गुरुद्वारा साहिब की भव्य इमारत जगमग कर रही है। संगत का सैलाब गुरु महाराज के प्रति आस्था का भरपूर मंजर प्रस्तुत करेगा।