मामला निरंकारी भवन में ग्रेनेड हमले का : सहायक प्रचारक सुखदेव कुमार का अंतिम संस्कार

अमृतसर, 21 नवम्बर (गगनदीप शर्मा) : हलका राजासांसी के गांव अदलीवाल रोड पर निरंकारी भवन में हुए ग्रेनेड हमले के दौरान मारे गए सहायक प्रचारक सुखदेव कुमार निवासी मीरांकोट का अंतिम संस्कार आज उनकी बेटी के न्यूजीलैंड से स्वदेश लौटने के बाद स्थानीय शिव पुरी शमशान घाट, श्री दुर्ग्याणा तीर्थ अमृतसर में गमहीन माहौल में किया गया।  उनकी बेटी रूबिका शर्मा सहित निरंकारी मिशन से जुड़े दर्जनों सेवादार उन्हें हाथ जोड़ कर याद करते हुए दिखे तो वहीं उनकी धर्मपत्नी श्री प्रवीण शर्मा घटना वाले दिन की तरह आज भी प्रभु का नाम जपती रही। हलका राजासांसी के कांग्रेसी विधायक सुखबिंदर सिंह सुखसरकारीया, हलका अटारी से कांग्रेसी विधायक तरसेम सिंह डी.सी, नगर-निगम अमृतसर के मेयर करमजीत सिंह रिंटू, सीनियर डिप्टी मेयर रमन बख्शी, डिप्टी मेयर यूनस कुमार ने भी शमशान घाट में पहुंच कर पीड़ित परिवार के साथ दुख सांझा किया। गांव माहल में रहने वाली श्रीमती उषा ने बताया कि उनकी भतीजी करीब साढे तीन वर्ष पहले न्यूजीलैंड में पढ़ने गई थी। अगले साल फरवरी महीने में उसने वापिस आना था। घर में खुशियों का माहौल था। मगर किसी को क्या पता था कि यह खुशियां मातम में तबदील होने वाली है। बीता रविवार का सूरज उनके परिवार के लिए काला दिन साबित हुआ। हमलावर आए और चंद मिनटों में उसके भाई के घर की सारी खुशियां मिट्टी में मिलाकर चले गए।