ट्रम्प ने दी सीनियर बुश को श्रद्धांजलि 


वाशिंगटन 4 दिसम्बर (वार्ता) : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति जार्ज हर्बर्ट वॉकर बुश को श्रद्धांजलि दी। श्री ट्रम्प ने राजधानी के रोटोंडा (गोल घर) में जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जार्ज एच डब्ल्यू बुश का पार्थिव शरीर आम लोगों के दर्शन के लिए वाशिंगटन डी सी के रोटोंडा में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जायेगा। श्री ट्रम्ंप का बुश परिवार के साथ टकराव रहा है लेकिन वह पूर्व राष्ट्रपति के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अमेरिका के 41वें राष्ट्रपति रहे जार्ज एच डब्ल्यू बुश का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। उन्हें टेक्सास स्थित उनके निवास के नजदीक पत्नी बारबरा बुश की कब्र के पास दफनाया जायेगा। जार्ज एच डब्ल्यू बुश ने 2012 में पार्किंसन बीमारी से पीड़ति होने की घोषणा की थी। इस बीमारी से पीड़ति व्यक्ति को कहीं भी आने-जाने में काफी तकलीफ होती है। सीनियर बुश की पत्नी बारबरा बुश का 92 वर्ष की आयु में इस वर्ष 17 अप्रैल को निधन हो गया था। जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश का विवाह 1945 में बारबरा के साथ हुआ था। दोनों ने इस वर्ष अपने वैवाहिक जीवन के 73 वर्ष पूरे किए थे। दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति के ताबूत को पहले 21 तोपों की सलामी दी गयी इसके बाद एयर फोर्स वन विमान के जरिये उनके शव को रोटोंडा लाया गया। व्हाइट हाउस से श्री ट्रम्प पत्नी संग सीधे रोटोंडा पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे ताबूत के पास जाकर दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अमेरिकी सेना की पांचों शाखाओं के सैनिक वहां सावधान की मुद्रा में खड़े रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति पत्नी मेलानिया के साथ जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे लेकिन वह कोई शोक संदेश नहीं देंगे।