थाईलैंड : फर्जी विवाह घोटाले में 10 भारतीय पुरुष और 24 थाई महिलाएं गिरफ्तार

बैंकाक, 5 दिसम्बर (भाषा) : थाईलैंड में अपने कथित जीवनसाथी का वीजा बढ़ाने के लक्ष्य से फर्जी शादियां कराने के आरोप में 10 भारतीय व्यक्तियों और 24 थाई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। द नेशन अखबार ने मंगलवार को खबर दी है कि इस मामले में कम से कम 20 अन्य भारतीय व्यक्ति और छह थाई महिलाएं फरार बताई जा रही हैं। इस अखबार के मुताबिक ये गिरफ्तारियां देश में अवैध तरीके से रह रहे विदेशियों पर आव्रजन पुलिस ब्यूरो द्वारा शुरु की गई कार्रवाई का हिस्सा हैं। पुलिस ने कहा कि ये संदिग्ध उन 30 भारतीय व्यक्तियों और 30 थाई महिलाओं में से हैं जिनके विरुद्ध अदालत ने सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करने, सरकारी अधिकारियों के समक्ष फर्जी दस्तावेज पेश करने और गलत सूचना देने को लेकर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इन लोगों के ऐसा करने से अन्य को नुकसान हो सकता है। बैंकाक के आव्रजन पुलिस ब्यूरो 1 ने 30 पुरुषों और 30 महिलाओं के बीच फर्जी शादियों का पता लगाया था।