पाक गोलीबारी में दो जवान शहीद

जम्मू/श्रीनगर, 6 दिसम्बर (भाषा) : जम्मू-कश्मीर के सुंदरबनी सैक्टर में नियंत्रण रेखा के पार से हुए स्नाइपर हमले में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया और दूसरा जख्मी हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना शाम के समय राखी चौकी पर हुई। इस सैक्टर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 126वीं बटालियन के जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि सिपाही पी. बिश्वास के बाएं कंधे पर गोली लगी वहीं सिपाही मनसा राम की जांघ में गोली लगी। उन्होंने बताया कि दोनों जवानों को हेलीकॉप्टर से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन बिश्वास की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे जवान की हालत स्थिर है। वहीं दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के माछिल सैक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बृहस्पतिवार को पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में एक सैनिक शहीद हो गया। थल सेना ने यह जानकारी दी। सेना के एक अधिकारी ने बताया, ‘पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में आज (बृहस्पतिवार को) पूर्वाह्न पौने ग्यारह बजे बगैर उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’ उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी में एक सैनिक शहीद हो गया। अधिकारी ने बताया, ‘हमारे सैनिकों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का माकूल जवाब दिया।’इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने बुधवार सुबह बारामुला ज़िले के उरी इलाके में सीमा से सटे कमल कोर्ट में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी जिसने नतीजे में भारतीय सेना के 2 जवान भी घायल हुए थे। गोलीबारी का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा जिस कारण गुरुवार को जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तानी कब्ज़े वाले कश्मीर में बीच व्यापार को भी रोक दिया गया। नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान सेनाओं के बीच हुई गोलीबारी में कुछ घरों को नुक्सान भी पहुंचा है। भारत की तरफ से हुई गोलीबारी में पाकिस्तान का कितना नुक्सान हुआ है, उसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। लेकिन दोनों देशों के बीच नियंत्रण रेखा पर तनाव बना हुआ है ओर आज दिनभर उरी के साथ-साथ माछिल सैक्टर में भी गोलीबारी चलती रही।