पुलिस एथलैटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे 1100 खिलाड़ी

नई दिल्ली, 7 दिसम्बर (वार्ता) : 67वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 10 से 14 दिसंबर तक किया जाएगा जिसमें केंद्रीय तथा राज्य पुलिस बलों से लगभग 1100 खिलाड़ियों के साथ 34 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं सीआईएसएफ के अपर महानिदेशक (मुख्यालय) आलोक कुमार पटेरिया ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुये बताया कि चैंपियनशिप का उद्घाटन 10 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम में उप राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू करेंगे जबकि 14 दिसंबर को समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि होंगे। पटेरिया ने बताया कि सीआईएसएफ चौथी बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। इस प्रतियोगिता में केंद्रीय तथा राज्य पुलिस बलों से लगभग 1100 खिलाड़ियों के साथ 34 टीमें हिस्सा लेंगी। 
प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग में 23 स्पर्धाएं और महिला वर्ग में 21 स्पर्धाएं होंगी।