भारत द्वारा द.कोरिया के नागरिकों के लिए ‘आगमन पर वीज़ा’ सुविधा शुरू  

नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (भाषा) : भारत ने दक्षिण कोरिया के नागरिकों के लिए ‘आगमन पर वीजा’ सुविधा की शुरुआत की है। इस कदम से पर्यटकों और व्यावसायिक आगंतुकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। जापान के बाद दक्षिण कोरिया ऐसा दूसरा देश है जिसके नागरिकों को अब भारत ‘आगमन पर वीजा’ की सुविधा दे रहा है। जापान के नागरिकों को यह सुविधा मार्च 2016 से मिल रही है। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि भारत ने दक्षिण कोरिया के नागरिकों को यह सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यह सुविधा एक अक्तूबर, 2018 से प्रभावी हो गई है। जापानी नागरिकों की तरह दक्षिण कोरिया के नागरिकों को भी दोहरे प्रवेश की सुविधा शामिल है। हालांकि यात्रा 60 दिनों की अवधि से अधिक की नहीं होनी चाहिए। कारोबार, पर्यटन, सम्मेलन या चिकित्सा के उद्देश्य से आने वाले दक्षिण कोरियाई नागरिक इस सुविधा का लाभ लेकर छह निर्दिष्ट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरू और हैदराबाद से देश में प्रवेश कर सकते हैं। एक अनुमान के अनुसार हर साल करीब दो लाख भारतीय वीजा दक्षिण कोरिया के नागरिकों को दिए जाते हैं।