हॉकी विश्व कप : सुरेन्द्र पालड़ बने क्वार्टर फाईनल में मैन ऑफ द मैच

कुरुक्षेत्र, 14 दिसम्बर (जसबीर दुग्गल) : ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ ने भुवनेश्वर में चल रहे हाकी वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाईनल में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस मैच में बेशक भारतीय हाकी टीम को एक गोल के अंतर से हार मिली लेकिन ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़़ को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। इस उपलब्धि से हाकी कोच गुरविन्द्र सिंह और सभी हाकी खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि को खुशी का इजहार किया। भारतीय हाकी टीम के सितारे ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ ने गत्त दिवस भुवनेश्वर में भारतीय हाकी टीम की तरफ से लेफ्ट हॉफ पर खेलते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को देखकर क्वार्टर फाईनल मैच में विरोधी टीम नीदरलैंड के खिलाड़ी भी आश्चर्यचकित रह गए। हालांकि इस मैच में नीदरलैंड ने भारतीय हाकी टीम को 2-1 गोल के अंतर से पराजित कर दिया। ओलम्पियन सुरेन्द्र कुमार पालड़ के हाकी कोच गुरविन्द्र सिंह ने खिलाड़ी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि खिलाड़ी ने कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा का नाम पूरे विश्व में रोशन करने का काम किया।