अपने ही हाथों से गोली चलने से नौजवान की मौत

एस. ए. एस. नगर, 16 दिसम्बर (जसबीर सिंह जस्सी) :देर रात्रि मोहाली के फेज़ 11 में एक निजी होटल में एक नौजवान की गोली लगने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सरबजीत सिंह (35) निवासी गांव कूंमकला ज़िला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस अनुसार सरबजीत सिंह की मौत भले ही उसके अपने हाथों से गोली चलने के कारण हुई है, परंतु जिस पिस्टल से गोली चली है वह पिस्टल जोधा नामक व्यक्ति का है। सरबजीत सिंह व उसके मित्र यह पिस्टल अपने साथ लेकर मोहाली आए थे, जोकि गैरकानूनी है। उधर पुलिस ने अपनी जांच दौरान होटल कर्मचारियों को सबूत मिटाने का दोषी पाया है। इस संबंधी थाना फेज़ 11 के प्रभारी गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि सरबजीत सिंह अपने तीन मित्रों जसकिरत सिंह, रविंद्र सिंह व गुरप्यार सिंह निवासी गांव कोकरी बहिनीवाल थाना अजीतवाल ज़िला मोगा के साथ मोहाली में प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का शो देखने के लिए आया हुआ था। सरबजीत सिंह व उसके मित्रों के पास जोधा नामक व्यक्ति का पिस्टल था, पर जोधा उनके साथ नहीं थी। औचक रात को सरबजीत सिंह से उक्त पिस्टल में से गोली चल गई, जोकि उसके कंधे में लगी। गोली लगने के बाद सरबजीत सिंह के मित्र घबरा गए व सरबजीत को घायल अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ ले गए, जहां डाक्टरों ने सरबजीत सिंह को मृतक घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि सुबह समय पुलिस को पीजीआई चंडीगढ़ से इस घटना संबंधी सूचना मिली तो पुलिस की एक टीम पीजीआई चंडीगढ़ पहुंची, जबकि एक टीम होटल में पहुंची व घटना वाली जगह का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस होटल में पहुंची तो उन्होंने देखा कि जिस कमरे में सरबजीत सिंह के गोली लगी थी उस कमरे में से होटल के कर्मचारियों द्वारा पहले ही खून साफ किया जा चुका था। उन्होंने बताया कि गोली सरबजीत सिंह के कंधे में लगकर दिल की तरफ जाकर फंस गई, जोकि उसकी मौत का कारण बनी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक सरबजीत सिंह के मित्रों जसकिरत सिंह, रविंद्र सिंह, गुरप्यार सिंह, होटल कर्मचारी प्रवीन कुमार व अमित कुमार विरुद्ध धारा 304, 336, 148, 149, 201, 120बी व आर्मज़ एक्ट अंतर्गत मामला दर्ज करके लाश का पोस्टमार्टम करवाने उपरांत लाश वारिसों हवाले कर दी है। इस मामले में अभी तक किसी भी मुलज़िम की गिरफ्तारी नहीं हुई। बतानेयोग्य है कि मृतक सरबजीत सिंह विवाहित था व उसके दो बच्चे भी है।