श्रीलंका द्वारा तमिलनाडु के आठ मछुआरे गिरफ्तार

रामेश्वरम, 17 दिसम्बर (भाषा) : श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के आठ मछुआरों को पड़ोसी देश के समुद्री क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में नेदुंथिवु के निकट गिरफ्तार कर लिया। तमिलनाडु मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक युवराज ने बताया कि रामनाथपुरम ज़िले के मंडपम के मछुआरे रविवार को नेदुंथिवु के निकट मछली पकड़ रहे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। श्रीलंका नौसेना ने उनकी नौका भी जब्त कर ली। खराब मौसम के कारण अधिकारियों की ओर से परामर्श जारी किये जाने के बावजूद मछुआरों के समुद्र में जाने की बात कही जा रही है। युवराज ने बताया कि मछुआरों को श्रीलंका के करैनगर में एक शिविर में रखा गया है।