हाफिज़ सईद ने पाकिस्तानी अखबार में लिखा आलेख


लाहौर, 18 दिसम्बर (भाषा) : मुंबई हमले के साज़िशकर्ता हाफिज़ सईद ने एक उर्दू अखबार में आलेख लिखा है। उसके लेखन से पत्रकारों के बीच बहस छिड़ गई है कि मीडिया घराने ने प्रतिबंधित आतंकी समूह के प्रमुख को कश्मीर मुद्दे और 1971 में बांग्लादेश के गठन पर लिखने की इजाज़त कैसे दे दी? रविवार को दैनिक दुनिया में प्रोफेसर हाफिज़ मोहम्मद सईद के नाम से उसने पूर्वी पाकिस्तान पर भारत का अवैध आक्रमण...कश्मीरी लोगों की हिमायत से क्यों परहेज़ कर रहा पाकिस्तान विषय पर लिखा है। यह अखबार मियां अमर महमूद के दुनिया मीडिया ग्रूप का उर्दू प्रकाशन है। उसने कन्ट्रिब्यूटिंग राइटर के तौर पर आलेख लिखा है। इसमें ढाका में हाथों में बंदूक लिए हुए कुछ नौजवानों और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की एक तस्वीर भी है। जाने-माने मीडिया घराने के अखबार में प्रतिबंधित आतंकी समूह के प्रमुख को लिखने की अनुमति देने पर पत्रकारों ने सवाल किया है कि क्या कंपनी ने मालिक के साथ कुछ सीधे जुड़ाव के कारण उसे यह लिखने की अनुमति दी या कोई अन्य दबाव था। पाकिस्तान की एक अदालत ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि पाकिस्तानी मीडिया सईद की तस्वीर प्रकाशित नहीं करे। 
अपने आलेख में सईद ने कहा है कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को विभाजित करने के लिए साज़िश रची। सईद ने इसके साथ ही तत्कालीन पाक शासकों के विफल रहने पर अफसोस जताया। सईद ने बांग्लादेश के गठन में भारत की भूमिका के बारे में विस्तार से लिखा है।