राफेल पर माफी की मांग को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन 

लुधियाना,19 दिसंबर - (रुपेश) - राफेल मुद्दे पर भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस पार्टी को एक झूठी पार्टी करार देते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने लुधियाना के घंटा घर इलाके में स्थित स्थानीय कांग्रेस के कार्यालय का घेराव करने  पहुंचे, परन्तु पुलिस ने बेरिकेड की मदद से उनको कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचने नहीं दिया। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यालय में मौजूद कांग्रेसी नेताओं और वर्करों ने लड्डुओं से भाजपा वर्करों का स्वागत किया। वहीं भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते कहा कि कांग्रेस पिछले कई सालों से राफेल मुद्दे को लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी, परन्तु सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मुद्दे पर अपना फैसला सुनाकर कांग्रेस पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।