अंतरिक्ष में छह महीने बिताकर धरती पर लौटे तीन अंतरिक्ष यात्री  

मॉस्को, 20 दिसम्बर (एजैंसी) : अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में छह महीने से अधिक समय गुजारने के बाद तीन अंतरिक्ष यात्री बृहस्पतिवार को धरती पर लौट आए। इन अंतरिक्ष यात्रियों में नासा की सेरेना ऑनन-चांसलर, रूस के सर्गेई रोकोयेव और जर्मनी के एलेक्जेंडर गर्स्ट शामिल हैं जिन्हें लेकर रूसी सोयूज यान बृहस्पतिवार को अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार पांच बजकर दो मिनट पर कजाकिस्तान में उतरा। अंतरिक्ष यात्रियों ने रेडियो पर कहा कि वे अच्छा महसूस कर रहे हैं। तीनों यात्रियों ने अंतरिक्ष में 197 दिन बिताए। यह दो अंतरिक्ष यात्रियों सेरेना ऑनन-चांसलर और सर्गेई रोकोयेव का पहला जबकि गर्स्ट का दूसरा मिशन था। धरती पर उतरने के बाद तीनों अंतरिक्ष यात्रियों की शुरुआती चिकित्सकीय जांच की गई। अंतरिक्ष यात्रियों को अपने-अपने देश रवाना होने से पहले स्वागत के लिए जेजकजगान ले जाया जाएगा।