रेत व शराब पर कांग्रेस नेताओं का पूरा कब्ज़ा : सुखबीर

फाजिल्का, 20 दिसम्बर (प्रदीप कुमार) : पंजाब में शराब व रेत पर इस समय कांग्रेस नेताओं का पूरा कब्जा है। कांग्रेस नेता सरेआम पड़ोसी प्रदेशों से सस्ती शराब लाकर पंजाब में उच्च दाम पर बेच रहे हैं। यह शब्द पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री व शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी रेत खदानें, जो अवैध रूप से चल रही हैं, उन पर कांग्र्रेस नेताओं का कब्जा है, जिसके कारण गरीब व मध्यवर्गीय लोग रेत के भारी रेटों से परेशान हैं और आम लोगों का घर बनाने का सपना अधूरा रह गया है। उन्होंने पंजाब में सत्ता संभालने से पहले कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने 70 हजार रूपये का किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, जो 3 हजार करोड़ पर अटक गया है। वह भी सिर्फ सहकारी संस्थाओं का है। उन्होंने कहा कि लंबे समय के कर्ज भी किसानों के माफ होने चाहिए।  लोकसभा चुनावों के बारे में उन्हाेंने कहा कि फिरोजपुर लोक सभा से सांसद शेर सिंह घुबाया के अकाली दल द्वारा सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं। नए उम्मीदवार का चयन पार्टी करेगी। भाजपा से गठबंधन बरकरार रखने के बाद में उन्होंने कहा कि गठबंधन जारी रहेगा और कई हलकों में टिकटों की अदला बदली हो सकती है। प्रदेश में हो रहे पंचायत चुनावों के बारे में उन्होंने कहा कि इन चुनावों में अकाली दल के उम्मीदवारों के सभी नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए हैं या उन्हें एन.ओ.सी. नहीं मिली। उन्हाेंने इस काम को लोकतंत्र की हत्या बताया। इसके बाद उन्होंने जलालाबाद विधान सभा हलके से सबंधित अरनीवाला जैल और फाजिल्का हलके के अकाली वर्करों से अलग-अलग मेजों पर जाकर बातचीत की और कहा कि कोई भी कांग्रेस वर्कर उनसे धक्का करे तो उसका डटकर मुकाबला करें, पार्टी उनके साथ खड़ी है। इस मौके पर पूर्व सेहत मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी, स. बादल के ओ.एस.डी. सतिन्द्रजीत सिंह मंटा, बुजुर्ग अकाली नेता व एस.जी.पी.सी. सदस्य जत्थेदार सूबा सिंह, ज़िला अकाली जत्था फाजिल्का देहाती प्रधान जत्थेदार गुरपाल सिंह ग्रेवाल, ज़िला अकाली दल शहरी प्रधान अशोक अनेजा, सुखजिन्द्र सिंह भुल्लर पूर्व चेयरमैन, हरजीत सिंह हीरा, गुरप्रीत सिंह लवली काठपाल प्रधान सर्कल अकाली दल शहरी, एडवोकेट सतिन्द्र सिंह सवी काठपाल जिला प्रधान अकाली दल फाजिल्का शहरी आदि मौजूद थे।