आरबीआई जल्द जारी करेगा 20 रुपये का नया नोट 


नई दिल्ली, 25 दिसम्बर (भाषा) भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) जल्द ही 20 रुपए का नया नोट जारी करेगा। केंद्रीय बैंक के एक दस्तावेज़ से इसकी जानकारी हुई। आरबीआई पहले ही 10, 50, 100 और 500 रुपए मूल्य के नए नोट जारी कर चुका है। इसके अलावा 200 और 2,000 रुपए के नोट भी जारी किए गए हैं। बीस रुपए का यह नया नोट महात्मा गांधी (नई) सीरीज में जारी होगा। यह पहले जारी किए गए नोटों से आकार और डिजाइन में अलग होगा। पुरानी सीरीज में जारी नोट पहले की तरह ही चलते रहेंगे। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2016 तक 20 रुपये मूल्य के 4.92 अरब नोट चलन में थे। मार्च 2018 में नोटों की संख्या बढ़कर करीब 10 अरब हो गई है।