नवांशहर बस अड्डे से 58 लाख के गहने पकड़े

जालन्धर, 26 दिसम्बर (शिव शर्मा): जी.एस.टी. विंग के मोबाइल विंग ने नवांशहर बस अड्डे से कोरियर वाले से 58 लाख के सोने के गहने पकड़े हैं तथा सभी गहनों के जी.एस.टी. के बिल नहीं पाए गए हैं। इनमें सोने, डायमंड के गहने शामिल हैं। सोने के गहनों को जी.एस.टी. विभाग ने अपने कब्ज़े में ले लिया है। जी.एस.टी. विभाग के संयुक्त निदेशक (इन्फोर्समैंट) बी.के. विरदी ने जानकारी देते हुए कहा कि एक सूचना के आधार पर पवन कलेर ई.टी.ओ. को टीम सहित नवांशहर बस अड्डे पर भेजा था। टीम ने बस अड्डे पर चंडीगढ़ से आए एक कोरियर वाले व्यक्ति से सोने के गहने बरामद किए हैं जिन पर जी.एस.टी. की अदायगी नहीं की गई थी। सोने के गहनों को जालन्धर कार्यालय लाकर उसकी कीमत लगवाई गई है। सभी गहने 58 लाख के हैं जिनमें से 18 लाख के गहनों के लगभग बिल होने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है। जो व्यक्ति सोना ला रहे थे, उनके मालिकों को पेश होने के लिए कहा गया है। सोने के पकड़े गहनों पर जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि गहने जालन्धर व अमृतसर लेकर जा रहे थे। विरदी ने बताया कि कुछ समय से सोने के गहने लाने वाले कोरियर पर विशेष नज़र रखी जा रही है तथा इस तरह के मामले सामने आए हैं। इस तरह से गहने गाड़ियों द्वारा भी लाए जा रहे हैं। टीम में अमनदीप सिंह, सुखविन्द्र सिंह व जसबीर सिंह पुलिस कर्मचारी शामिल थे।