मुंबई में एक हज़ार करोड़ की फेंटानाइल पकड़ी

मुंबई, 28 दिसम्बर (एजेंसी) : मुंबई पुलिस ने 1,000 करोड़ रुपये मूल्य की फेंटानाईल (मादक पदार्थ) बरामद की है और इस संबंध में चार तस्करों को गिरफ्तार की है। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने विले पार्ले के शास्त्री नगर में खड़ी की गई एक कार पर छापेमारी की और 100 किग्रा प्रतिबंधित फेंटानाइल ज़ब्त की।फेंटानाइल हैरोइन से 50 गुना ज्यादा नशीली मानी जाती है। एएनसी प्रमुख के अनुसार फेंटानाइल की डिलवरी की गुप्त सूचना के बाद डीसीपी शिवदीप लांडे और एएनसी की आज़ाद मैदान यूनिट ने जाल बिछाया। यह मुंबई पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है। फेंटानाईल की एक किलोग्राम की कीमत 10 करोड़ रुपए प्रति किलोग्राम है और कुल 1000 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ ज़ब्त किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान घोड़पदेव के सलीम इस्माइल ढोला (52) और कांदिवली के चंद्रमणि मातामणि तिवारी (41) दोनों निवासी मुंबई और संदीप इंद्रजीत तिवारी व घनश्याम रामराज सरोज पालघर ज़िला के रूप में हुई है।
ढोला व दो अन्य के मादक पदार्थ लेकर सांताक्रूज पूर्व में वकोला के एक जगह पर शाम करीब 8.30 बजे पहुंचने की उम्मीद थी, जिसे कथित तौर पर एक उत्तर अमरीकी देश के लिए तस्करी किया जा रहा था। सड़क पर पेड़ के पास खड़े वाहन के निकट उनका चौथा साथी अपने स्कूटर के पास आधा घंटे से उनका इंतज़ार कर रहा था। आपस में हंसी-मज़ाक के बाद कार में सवार एक व्यक्ति बाहर आया और इंतज़ार कर रहे एक व्यक्ति को नीले रंग का डिब्बा दिया। इसी दौरान एएनसी टीम ने छापा मारा और उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। उनके वाहन से तीन और नीले डिब्बे बरामद किए, जो प्रतिबंधित मादक पदार्थ से भरे थे। फेंटानाईल की महज 25 ग्राम मात्रा व्यक्ति के लिए प्राणघातक है। इसे पार्टी ड्रग के तौर पर जाना जाता है। इसके ओवरडोज से अमरीका में 2016 में करीब 20,000 से ज्यादा मौतें हुई थीं।