पंजाब व हरियाणा में ठंड बढ़ी

चंडीगढ़, 30 दिसम्बर (भाषा) : हरियाणा और पंजाब में रविवार को ठंड काफी बढ़ गई। हिसार इन दोनों राज्यों में सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान गिरकर 1.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। मौसम विभाग ने यहां कहा कि करनाल में काफी ठंड है, जहां पारा तीन डिग्री गिरकर दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। विभाग के मुताबिक, नारनौल और रोहतक में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम तीन-तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में कँपा देने वाली ठंड पड़ रही है, जहां का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। तो वहीं पटियाला का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पठानकोट का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों राज्यों में कई जगहों पर रविवार सुबह को कोहरे की वजह से दृश्यता घट गई।