यमन में सेना से झड़प में 20 हौती विद्रोहीयों की मौत

अदन, 06 जनवरी - यमन के उत्तरी प्रांत सादा में शनिवार को सरकारी सेना और हौती विद्रोहियों के बीच हुई भीषण झड़प में 20 हौती विद्रोही मारे गए। यमन की एक न्यूज एजेंसी ने अपने बयान में सेना के एक कमांडर के हवाले से बताया कि सादा प्रांत में सेना और विद्रोहियों के बीच हुई झड़प में लगभग 20 हौती विद्रोही मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। सेना के कमांडर ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर बताया कि यह झड़प सादा के बाकेम जिले और अलाब को जोड़ने वाली अंतरराष्ट्रीय लिंक रोड के समीप हुई। यमन सादा प्रांत ईरान समर्थित हौती विद्रोहियों का प्रमुख गढ़ माना जाता है। उल्लेखनीय है कि यमन में हौती विद्रोहियों द्वारा वर्ष 2014 में राजधानी सना समेत अन्य उत्तरी इलाकों पर कब्जा करने के बाद से ही देश में गृह युद्ध की स्थिति बनी हुई है। यमन में जारी घरेलू युद्ध में अबतक 10 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं, जबकि करीब 30 लाख लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।