बर्फबारी से मैदानों में ठंड बढ़ी

शिमला/जम्मू/चंडीगढ़, 6 जनवरी (भूपिन्द्र शर्मा, अ.स.) : हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में आज भारी हिमपात हुआ जिससे पंजाब व हरियाणा में शीत लहर तेज़ हो गई है। ठिठुरन बढ़ने से जहां गर्म कपड़ों की खरीदारी भी बढ़ गई है वहीं लोग बिस्तर में ही दुबके रहने के लिए मज़बूर हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी इस वर्ष का पहला हिमपात हुआ। इसके अलावा अन्य स्थानों पर बारिश हुई है,जिससे समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं हिमपात के कारण जनजातीय ज़िलों सहित ज़िला शिमला के ऊपरी क्षेत्र संपर्क मार्ग से कट गए हैं। राजधानी शिमला में आज सुबह से ही रूक-रूक कर हिमपात होता रहा। हालांकि शहर में हल्का हिमपात हुआ है तथा घरों की छतों व पेड़ों पर बर्फ की चादर बिछी है, लेकिन शिमला घूमने आए सैलानियों ने इस बर्फबारी का लुत्फ उठाया। शहर की सड़कों पर यातायात सामान्य दिनों की तरह ही चला। रविवार को अवकाश के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम थी तथा स्थानीय लोग दिनभर घरों पर ही दुबके रहे, लेकिन शिमला घूमने आए सैलानी माल रोड व रिज मैदान पर बर्फबारी का आनंद लेते देखे गए। इसके अलावा शिमला के साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर आदि स्थानों पर भी हिमपात हुआ है। इस कारण कुफरी में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे।  जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में त्रिकुट पर्वत पर स्थित वैष्णो देवी में रविवार इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हालांकि,बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन के लिए यात्रा जारी रखी। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि त्रिकुट पर्वत पर भवन, भैरों घाटी, सांझीछत और हिमकोटी तथा घुमावदार मार्गों में कुछ इंच बर्फ जम गया। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के बावजूद 15,000 से अधिक श्रद्धालु गुफा जाने के मार्ग में बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हैलीकॉप्टर और यात्री केबल कार सेवा को थोड़े समय तक बंद रखने के बाद बहाल कर दिया गया है। पंजाब के पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने भी वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किया। जम्मू में चर्चित पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नाथाटॉप में भी दिन के दौरान बर्फबारी हुई।