अंतरिक्ष के लिए भारत का मानव मिशन दिसम्बर 2021 में : इसरो

बेंगलुरू, 11 जनवरी (भाषा): इसरो के अध्यक्ष के सिवन ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने अपने पहले मानवीय मिशन के लिए दिसम्बर 2021 का समय तय किया है और इस अंतरिक्ष अभियान में एक महिला को भी शामिल किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित मिशन की तैयारी शुरू करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मानवीय मिशन के लिए एक केंद्र बनाया है। सिवन ने कहा,‘हमने हर चीज का इंतजाम किया है। इस साल सबसे बड़ी प्राथमिकता गगनयान है। हमने पहले मानवरहित अभियान के लिए दिसम्बर 2020 और दूसरे अभियान के लिए जुलाई 2021 का समय निर्धारित किया है। इसे पूरा करने के बाद मानवीय मिशन के लिए दिसम्बर 2021 का समय तय किया गया है।’ बीते वर्ष इसरो की उपलब्धियों और भविष्य के कार्यक्रम के बारे में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने हाल में 9,023 करोड़ रुपये के कार्यक्रम को मंजूरी दी थी। पिछले साल लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि साल 2022, यानि आज़ादी के 75वें वर्ष में और संभव हुआ तो उससे पहले ही, भारत का बेटा या बेटी अंतरिक्ष में जाकर तिरंगा फहराएंगे।