सपा- बसपा के एक होने से भाजपा के साथ कांग्रेस भी भयभीत : अखिलेश

कन्नौज 11 जनवरी (वार्ता) : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिम्पल यादव के संसदीय क्षेत्र और इत्र नगरी कन्नौज से लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए कहा ‘सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक होने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ ही कांग्रेस भी भयभीत है। यादव ने शुक्रवार को यहां ई चौपाल में कहा कि शनिवार को लखनऊ में सपा और बसपा की संयुक्त प्रैस कान्फ्रेंस होगी। हमारे साथ आने पर भाजपा के साथ कांग्रेस के अंदर भी काफी भय है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव सामने है। समाजवादी सरकार ने अपने शासन काल के दौरान कई विकास की योजनाएं चलाई थीं जिससे प्रदेश की गरीब जनता को लाभ मिल रहा था। भाजपा ने कई योजनाओं को अपने नाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारा नारा होगा ‘हमारा काम बोलता है भाजपा का धोखा’।