जो कहा वो किया, जो किया वो आपके सामने : गडकरी

नई दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता): सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्ववर्ती सरकारों की कथनी और करनी में अंतर का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत मोदी सरकार ने जो कहा वो किया और जो किया वह सबके सामने है। गडकरी ने यहां रामलीला मैदान में पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने आर्थिक, शैक्षणिक, सुशासन, तकनीक सहित सभी मोर्चों पर देश को आगे बढ़ाने का काम किया है।  पहले 50-60 साल में जो नहीं हुआ, वह इस सरकार ने साढ़े चार साल में कर दिखाया है। उन्होंने कहा,‘पहले की सरकारों की कथनी और करनी में अंतर होता था, इस बार ऐसा नहीं है। हमने जो कहा वो किया, जो किया वह आपके सामने है। हमारा काम ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।’ उन्होंने कहा कि जब मोदी सरकार वर्ष 2014 में सत्ता में आई थी, उस समय भ्रष्टाचार चरम पर था। भारत की गिनती पांच सबसे कमज़ोर देशों में होती थी। देश की साख नीचे आई थी। साढ़े चार साल में देश तरक्की की राह पकड़ चुका है। यह दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुका है। सामाजिक और आर्थिक मोर्चों पर बदलाव हुए हैं।