पाकिस्तान में खालसाई जयकारों की गूंज में मनाया गया प्रकाश पर्व

अमृतसर, 13 जनवरी (सुरिन्द्र कोछड़) : पाकिस्तान के प्रदेश खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर शहर के मोहल्ला जोगन शाह में गुरुद्वारा भाई जोगा सिंह में गुरु कलगीधर सिंह सभा कमेटी द्वारा पेशावरी सिख संगत के सहयोग से आज साहिबे कमाल सरबंसदानी गुरु गोबिन्द सिंह जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा तथा उत्साह से मनाया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार 11 जनवरी शुक्रवार को इस संबंधी आरंभ करवाए गए श्री अखंड साहिब के आज सुबह डाले गए भोग उपरान्त विशेष दीवान सजाए गए, जिसमें पेशावर के स्थानीय कीर्तनी जत्थों द्वारा कीर्तन द्वारा संगतों को निहाल करते गुरु साहिब के जीवन तथा उपदेशों बारे प्रकाश डाला गया। गुरु पर्व मौके गुरुद्वारा साहिब के दीवान हाल सहित अन्य भवनों को विशेष प्रकार की रंग-बिरंगी लाइटों तथा महकते फूलों से सजाया गया तथा संगत के लिए विभिन्न पकवानों के लंगर भी बांटे गए। पेशावर से जानकारी देते हुए सिख नेता स. गुरपाल सिंह ने बताया कि उक्त समारोह के दौरान भाई जोगा सिंह धार्मिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा भी धार्मिक कार्यक्रम पेश किए गए। उन्होंने बताया कि पेशावरी सिख संगत द्वारा शुरू से श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों अनुसार गुरु पर्व तथा अन्य धार्मिक समारोह कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेशावर में गुरु पर्व मौके आतिशबाजी नहीं चलाई जाती अपितु ज़रूरतमंदों में राशन बांटा जाता है तथा अन्य सेवा के काम किए जाते हैं। सिंध में 17 को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व : प्रदेश सिंध के डहकरी शहर के गुरुद्वारा बाबा नानक शाह में गुरु गोबिन्द सिंह जी का प्रकाश पर्व 17 जनवरी को मनाया जा रहा है। जिसके चलते 15 जनवरी को श्री अखंड साहिब का पाठ शुरू करवाया जाएगा। 16 को निशान साहिब की सेवा उपरान्त रैण सुबाई कीर्तन दरबार होगा तथा 17 जनवरी को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे तथा नगर कीर्तन निकाला जाएगा।