यूपी और बिहार तय करेंगे केंद्र की अगली सरकार : तेजस्वी

लखनऊ, 14 जनवरी (भाषा): सपा और बसपा के महागठबंधन से उत्साहित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और बिहार के नतीजे तय करेंगे कि केन्द्र में अगली सरकार किसकी बनेगी। बसपा प्रमुख मायावती से कल रात भेंट कर ‘आशीर्वाद’ लेने वाले तेजस्वी ने आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि सपा-बसपा गठबंधन से सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में संदेश में गया है। अब उत्तर प्रदेश और बिहार की जनता तय करेगी कि केन्द्र में अगली सरकार किसकी बनेगी। राजद उप्र में इस गठबंधन का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें, जबकि बिहार में 40 सीटें हैं। इसके अलावा झारखंड की 14 सीटों को भी मिला लें तो यह संख्या 134 हो जाती है। इस वक्त इनमें से भाजपा के पास 115 सीटें हैं। इन राज्यों में गठबंधन होने से भाजपा 100 सीटें हार जाएगी। सपा-बसपा के गठबंधन के जरिये देश को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चंगुल से बचाया जा सकेगा।